Maharajgnj News -: डीएम की सख्ती लाई रंग: सीएम डैशबोर्ड में विकास में महराजगंज प्रथम, समग्र रैंकिंग में दूसरा स्थान
पिछले माह की गिरावट के बाद विभागवार समीक्षा और कड़ी मॉनिटरिंग से सुधरा प्रदर्शन
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सीएम डैशबोर्ड में जनपद महराजगंज ने इस माह शानदार प्रदर्शन करते हुए विकास योजनाओं में प्रथम स्थान और समग्र रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि जिलाधिकारी की सख्ती, विभागवार समीक्षा और अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत का प्रतिफल मानी जा रही है। पिछले माह महराजगंज की रैंकिंग 22वें स्थान तक गिर गई थी। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों को फटकार लगाई और विद्युत विभाग से स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही सीडीओ और एडीएम को विभागवार समीक्षा कर प्रदर्शन सुधारने के निर्देश दिए। लगातार मॉनिटरिंग और कड़ी समीक्षा के बाद इस माह जनपद ने शानदार वापसी की है। विकास योजनाओं के तहत कुल 78 परियोजनाओं में से 51 को ए ग्रेड, 05 को बी ग्रेड और 03 को सी ग्रेड मिला, जबकि किसी को भी डी ग्रेड नहीं मिला। वहीं राजस्व योजनाओं की 31 में से 21 परियोजनाएं ए ग्रेड में रहीं, 08 को बी और 02 को सी-डी ग्रेड प्राप्त हुए। इस सुधार ने समग्र रैंकिंग में जनपद को दूसरे स्थान तक पहुंचा दिया। जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन की प्राथमिकता है। मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन ने भी कहा कि पिछली गिरावट के बाद यह उपलब्धि टीम का मनोबल बढ़ाने वाली है और इसे बरकरार रखने के लिए सभी को धरातल पर निरंतर कार्य करना होगा। सीएम डैशबोर्ड, जिसे सितंबर 2023 से शुरू किया गया था, वास्तविक समय में योजनाओं की प्रगति प्रदर्शित करता है। महराजगंज की यह सफलता दर्शाती है कि सही मॉनिटरिंग और टीमवर्क से प्रदर्शन में तेजी से सुधार संभव है।
यह भी पढ़ें : विधायक की पत्नी को श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे सीएम, सुरक्षा के कड़े इंतजाम